देवघर में बड़ी वारदात टली: डकैती की योजना बना रहे दो बदमाश हथियार समेत गिरफ्तार, चार फरार

Rupa Kumari | July 3, 2026 | 05:35 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : देवघर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते विफल करते हुए डकैती की योजना बना रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। वहीं, उनके चार साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, चांदडीह रोड स्थित सरकंडा जंगल के पास कुछ अपराधियों के एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बनाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और गुरुवार रात इलाके में छापेमारी की गई।

हथियार और कारतूस के साथ दबोचे गए आरोपी

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश साह (देवघर) और अमर पासवान (सरैयाहाट) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चांदनी बासमता क्षेत्र में डकैती की घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्र हुए थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे पूर्व में डकैती, लूटपाट और छिनतई जैसी घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें: गोईलकेरा में वज्रपात का कहर: एक व्यक्ति की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

पुलिस ने बरामद किए हथियार और बाइक

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। बरामद सामान को जब्त कर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि फरार चारों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, देवपुर थाना इंस्पेक्टर सामु बांडो, एसआई विशंभर विश्वकर्मा, सिवियतन मुर्मू, बजेंद्र वैद्य, प्रवीण कुमार और राजीव मुर्मू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Share this news

संबंधित खबरें