Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र स्थित गुरगुड़िया गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम गुरगुड़िया गांव निवासी पुतुल नायक (51) और प्रशांत गोप (48) अपने घर के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक घर पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पारंपरिक उपचार के बाद अस्पताल ले गए परिजन
घटना के बाद परिजनों ने पारंपरिक तरीके से दोनों के शरीर पर गोबर का लेप लगाकर उपचार करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद देर रात दोनों को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने पुतुल नायक को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रशांत गोप का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: होमगार्ड चयनित अभ्यर्थियों ने डीसी से लगाई गुहार, जल्द पूरा हो मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद गुरगुड़िया गांव में शोक का माहौल है। परिवार और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है। इधर, शुक्रवार को सूचना मिलने पर गोईलकेरा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

