Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार द्वारा निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए गए 15 दिवसीय राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान का समापन गुरुवार को रांची के शौर्य सभागार, डोरंडा में आयोजित समारोह के साथ हुआ। अभियान के सफल संचालन और जनजागरूकता में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गिरिडीह की जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) अंजना भारती को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान प्रदान किया। उनके साथ सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. आनंद, रांची की जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडे, सहायक निदेशक अभय कुमार तथा पलामू के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम कुमार को भी सम्मानित किया गया।
विभिन्न माध्यमों से चलाया गया जागरूकता अभियान
15 दिवसीय अभियान के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने नुक्कड़ नाटक, एलईडी प्रचार वाहन, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों का उपयोग कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विशेष रूप से युवाओं तक अभियान का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया। विभागीय स्तर पर अभियान की नियमित निगरानी और समीक्षा भी की गई, जिससे राज्य के सभी जिलों में कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सका।
यह भी पढ़ें: महेशमुंडा-गिरिडीह मार्ग पर चलती टाटा मैजिक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

जनभागीदारी से बनेगा नशामुक्त समाज : स्वास्थ्य मंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए आम नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीमों ने समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। मंत्री ने विश्वास जताया कि नशे के खिलाफ यह पहल भविष्य में व्यापक जन आंदोलन का रूप लेगी और समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें समाजहित में किए गए कार्यों के लिए बधाई भी दी गई।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

