Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग में आगामी मुहर्रम पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सख्त कर दिया है। वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने निर्देश जारी करते हुए पर्व के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा है। हजारीबाग यातायात पुलिस द्वारा जारी रोड मैप के अनुसार शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध 24 जून से 26 जून तक प्रभावी रहेगा। सुबह 8:00 बजे से रात 12:30 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
यह भी पढ़ें :झारखंड के बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग कलाकारों को हर महीने मिलेंगे ₹4000, आवेदन प्रक्रिया शुरू
प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगा प्रतिबंध
भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक हजारीबाग शहरी क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगी, जिनमें भारत माता चौक, रसूलीगंज चौक, रेलवे ओवरब्रिज लेपो रोड मोड़, छड़वा गदोखर मोड़, सिंघानी मोड़, चानो रोड ओवरब्रिज, नगवां टोल प्लाजा/बाईपास मोड़ और कूद रेवाली रेलवे पुल क्षेत्र शामिल हैं।

यातायात पुलिस ने जारी किया रोड मैप
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कदम मुहर्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जाएंगे।

Reporter | Samachar Post

