झारखंड के बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग कलाकारों को हर महीने मिलेंगे ₹4000, आवेदन प्रक्रिया शुरू

Rupa Kumari | June 24, 2026 | 02:31 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार ने राज्य के बुजुर्ग, गंभीर रूप से बीमार और स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र कलाकारों को मासिक निवृत्तिका योजना के तहत प्रतिमाह 4 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित सांस्कृतिक कार्य निदेशालय ने योजना के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना का उद्देश्य ऐसे कलाकारों को आर्थिक संबल देना है, जो उम्र, बीमारी या दिव्यांगता के कारण आजीविका संबंधी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

कलाकारों के सम्मान और सुरक्षा की पहल

सांस्कृतिक कार्य निदेशक आसिफ एकराम ने बताया कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि कलाकारों के जीवनभर के योगदान के प्रति राज्य सरकार का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि मिलने वाली राशि से कलाकार अपनी दवाइयों और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजा जाएगा, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त रहेगी। योजना का लाभ झारखंड के स्थानीय कलाकारों को मिलेगा। किसी भी आयु वर्ग के स्थायी दिव्यांग कलाकार इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ कलाकार को अपनी कला से संबंधित विवरण, उपलब्धियों और पुरस्कारों के प्रमाण पत्र जमा करने होंगे।

यह भी पढ़ें: बोकारो ट्रेजरी घोटाला: तीन आरोपियों को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

जरूरी दस्तावेज

आवेदन के साथ निम्नलिखित दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है।आयु प्रमाण पत्र, वार्षिक आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की प्रति, बैंक खाते का विवरण कला संबंधी उपलब्धियों के प्रमाण पत्र, बीमार या दिव्यांग होने की स्थिति में मेडिकल प्रमाण पत्र, इच्छुक कलाकार आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। पूरी तरह भरे हुए आवेदन फॉर्म को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, रांची में जमा करना होगा। आवेदन फॉर्म विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.jharkhandculture.com पर उपलब्ध है।

Share this news

संबंधित खबरें