धनबाद में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उठाई मांग, कहा- शिबू सोरेन को मिलना चाहिए भारत रत्न

Rupa Kumari | June 24, 2026 | 11:55 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए शिबू सोरेन का योगदान ऐतिहासिक रहा है, इसलिए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए। मंगलवार देर शाम जामताड़ा से रांची लौटने के दौरान स्वास्थ्य मंत्री धनबाद के बरवाअड्डा स्थित एक ढाबे पर पहुंचे, जहां झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह स्थान उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहीं उनकी मुलाकात पहली बार शिबू सोरेन से हुई थी। उन्होंने कहा कि हाल ही में मिला पद्म भूषण सम्मान पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है, लेकिन शिबू सोरेन का योगदान इससे भी बड़ा है और उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।

राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

राज्यसभा चुनाव में गठबंधन उम्मीदवार की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों से अधिक धनबल का प्रभाव देखने को मिला। मंत्री ने कहा कि यदि जनता के समर्थन से हार होती तो बात अलग होती, लेकिन चुनावी परिणामों में धन की भूमिका अधिक दिखाई दी।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का दावा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 200 से अधिक डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है, जिनमें कई सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर वेतन और सुविधाओं के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों को झारखंड से जोड़ा जा रहा है, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

यह भी पढ़ें: अस्पताल में भर्ती था परिवार का सदस्य, सूने घर में चोरी; नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

कैंसर की दवाओं की कीमतों पर जताई चिंता

इरफान अंसारी ने कैंसर की दवाओं की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज को आम लोगों की पहुंच में लाने के लिए केंद्र सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न घोटालों से जुड़े आरोपों का उनसे कोई संबंध नहीं है और उनकी प्राथमिकता राज्य के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Share this news

संबंधित खबरें