Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित रवि स्टील इलाके में चोरों ने एक बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी अखिलेश चौधरी पेशे से बिजली मिस्त्री हैं। कुछ दिन पहले ट्रांसफॉर्मर से करंट लगने के कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। परिवार के अन्य सदस्य भी उनकी देखभाल के लिए अस्पताल में मौजूद थे, जिसके कारण घर कई दिनों से खाली पड़ा था।
खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर
परिवार की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद नकद राशि, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

यह भी पढ़ें: रांची के श्रीपति लाल अपार्टमेंट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पंडरा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि चोरी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

