अवैध कोयला खनन बना काल: रामगढ़ की बंद खदान में दम घुटने से चार युवकों की मौत

Rupa Kumari | June 13, 2026 | 05:14 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : जिले के सीसीएल अरगड्डा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में चार युवकों की जान चली गई। बंद पड़ी भूमिगत खदान के समीप अवैध कोयला खनन के दौरान ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैसों की चपेट में आने से चारों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे चार युवक काजू बगान जंगल क्षेत्र में बने एक अवैध खदाननुमा गड्ढे में कोयला निकालने के लिए उतरे थे। करीब 30 फीट गहराई में जाने के बाद वे अंदर ही फंस गए और काफी देर तक बाहर नहीं निकल सके। जब काफी समय बीतने के बाद भी युवकों का कोई पता नहीं चला तो स्थानीय लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए सीसीएल अधिकारियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही सीसीएल अरगड्डा के सेफ्टी ऑफिसर रमेश कुमार और एरिया क्वालिटी मैनेजर एस.एन. तिवारी मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर माइंस रेस्क्यू टीम और मेडिकल टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। माइंस सुपरिटेंडेंट विकास कुमार के नेतृत्व में 12 सदस्यीय रेस्क्यू टीम ने अभियान शुरू किया, जबकि गिद्दी अस्पताल से डॉ. सागर कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची।

कई घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए शव

रेस्क्यू टीम ने बेहद कठिन परिस्थितियों में खदान के भीतर प्रवेश कर अभियान चलाया। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान सिरका बुधबाजार निवासी किशोर और आशीष तथा टोंगी निवासी देवा और डब्लू के रूप में हुई है। बाहर निकालने के बाद चिकित्सकों ने उनकी जांच की। बाद में बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें रांची रोड स्थित होप अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

खदान के अंदर ऑक्सीजन का स्तर था बेहद कम

माइंस रेस्क्यू टीम के अनुसार, खदान के ऊपरी हिस्से में ऑक्सीजन का स्तर लगभग 9 प्रतिशत था, जबकि अंदर गहराई में यह घटकर मात्र 2 प्रतिशत रह गया था। इसके अलावा खदान के भीतर कार्बन डाइऑक्साइड समेत अन्य जहरीली गैसों की मौजूदगी भी पाई गई। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी कम ऑक्सीजन और विषैली गैसों वाले वातावरण में व्यक्ति कुछ ही मिनटों में बेहोश हो सकता है, जिससे उसकी जान जाने का खतरा बढ़ जाता है।

यह भी पढ़ें: रांची के मेन रोड पर कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर गहने और नकदी चोरी, जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल पर जुटी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय और कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली और जांच शुरू की। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। जैसे-जैसे शव बाहर निकाले गए, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। यह हादसा एक बार फिर अवैध खनन के खतरों और बंद खदानों में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों को उजागर करता है।

Share this news

संबंधित खबरें