सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद JPSC ने जारी किया सिविल जज प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम

Rupa Kumari | June 6, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। यह परिणाम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में तैयार की गई संशोधित उत्तर कुंजी (आंसर-की) के आधार पर प्रकाशित किया गया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 मार्च 2024 को आयोजित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या-22/2023) का संशोधित परीक्षाफल सुप्रीम कोर्ट में लंबित एसएलपी (सिविल) संख्या-21079/2025 एवं अन्य संबंधित मामलों में 9 फरवरी 2026 को पारित आदेश के आलोक में तैयार किया गया है।

संशोधित आंसर-की के आधार पर तैयार हुआ रिजल्ट

जेपीएससी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद परीक्षा की उत्तर कुंजी में आवश्यक संशोधन किए गए। संशोधित आंसर-की के आधार पर पुनर्मूल्यांकन कर नया परिणाम तैयार किया गया, जिसे आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि, तकनीकी गलती या टंकण संबंधी भूल पाई जाती है तो उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

हाईकोर्ट में लंबित मामलों के फैसले पर निर्भर करेगी आगे की प्रक्रिया

जेपीएससी ने कहा है कि परीक्षा से संबंधित आगे की प्रक्रिया झारखंड हाईकोर्ट में लंबित विभिन्न मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। इनमें सिविल रिव्यू (फाइलिंग) संख्या-1736/2026, डब्ल्यूपी (एस) संख्या-6602/2024 में सुलोचना कुमारी बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य, डब्ल्यूपी (एस) संख्या-169/2025 में रामेश्वर सिंह बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य सहित अन्य समरूप याचिकाएं शामिल हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी अपडेट के लिए समय-समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

यह भी पढ़ें: रिम्स जमीन घोटाला: ACB कोर्ट ने राजकिशोर बड़ाइक की जमानत याचिका की खारिज, बढ़ीं मुश्किलें

वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी

जेपीएससी ने बताया कि संशोधित परिणाम के साथ विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति भी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी वहां जाकर संशोधित परिणाम और उससे संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।

Share this news

संबंधित खबरें