हजारीबाग सदर अस्पताल में DC का औचक निरीक्षण, बंद लिफ्ट पर जताई नाराजगी, ENT OPD में खुद कराई कान की जांच

Meenu | July 25, 2026 | 02:27 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आधारभूत संरचना, लाइफ सेविंग उपकरणों और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। DC ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत में DC ने वार्ड बॉय की उपलब्धता, उनकी ड्यूटी और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में मानव संसाधन की कोई कमी नहीं होनी चाहिए और मरीजों को हर स्तर पर समय पर सहायता मिलनी चाहिए।

यह भी पढ़ें : रांची में कांग्रेस नेता के बॉडीगार्ड पर हवाई फायरिंग का आरोप, पुलिस ने राइफल जब्त की

बंद लिफ्ट मिलने पर अधिकारियों को लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान मरीजों को ऊपरी मंजिल तक ले जाने वाली लिफ्ट बंद मिली। इस पर DC हेमंत सती ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों की फटकार लगाई और तकनीकी टीम को तत्काल लिफ्ट ठीक कर चालू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को लिफ्ट जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित नहीं रखा जा सकता।

ENT OPD में खुद कराई कान की जांच

अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए DC ENT OPD पहुंचे। यहां उन्होंने खुद मरीज की कुर्सी पर बैठकर डॉक्टर से अपने कान की जांच कराई और उपलब्ध मशीनों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने OPD की व्यवस्था और उपकरणों के संचालन पर संतोष जताया।

आयुष्मान कार्ड केंद्र की भी की समीक्षा

DC ने अस्पताल परिसर में संचालित आयुष्मान भारत कार्ड केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले सभी पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बिना अनावश्यक देरी के बनाया जाए, ताकि उन्हें सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों ने कई महीनों से वेतन नहीं मिलने की शिकायत DC से की। इस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए मेडिकल सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिया कि संबंधित एजेंसी के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कर्मचारियों के बकाया वेतन का जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

“मरीजों को त्वरित और बेहतर इलाज मिलना चाहिए”

निरीक्षण के अंत में DC हेमंत सती ने कहा कि सदर अस्पताल जिले का सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है। यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर इलाज, आवश्यक दवाएं और संवेदनशील व्यवहार मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें