Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : चौपारण-चतरा मुख्य मार्ग पर दादपुर और झापा के पास बने जानलेवा गड्ढों को लेकर बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने पहल की है। उन्होंने पथ निर्माण विभाग, चतरा के कार्यपालक अभियंता को मांग पत्र सौंपकर सड़क के जर्जर हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। मांग पत्र की प्रतिलिपि अधीक्षण अभियंता, हजारीबाग को भी भेजी गई है। चौपारण-चतरा मार्ग के कई हिस्सों की स्थिति लंबे समय से खराब बताई जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें : रांची यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में बेटियों का जलवा, पहली बार 2 शिक्षाविदों को मिलेगी मानद उपाधि
युवाओं ने श्रमदान कर गड्ढे भरने की कोशिश की
सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए स्थानीय युवाओं ने भी अपने स्तर से पहल की थी। युवाओं ने श्रमदान कर गड्ढों में मिट्टी, पत्थर और अन्य सामग्री डालकर उन्हें भरने का प्रयास किया। हालांकि, इससे अस्थायी राहत ही मिल सकी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थायी मरम्मत के लिए विभागीय कार्रवाई जरूरी है।

विधायक की पहल से ग्रामीणों में जगी उम्मीद
विधायक मनोज कुमार यादव के मामले में संज्ञान लेकर विभाग के कार्यपालक अभियंता को मांग पत्र सौंपने के बाद स्थानीय लोगों में सड़क की मरम्मत को लेकर उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग जल्द कार्रवाई करता है तो चौपारण-चतरा मार्ग पर आवागमन सुगम होगा और हादसों का खतरा भी कम होगा।

Reporter | Samachar Post


