रांची में ATS जवान के बंद घर में चोरी, 10 लाख रुपये से अधिक के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का है, जहां झारखंड एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) में तैनात एक जवान के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश घर से 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।

परिवार के अयोध्या जाने के दौरान हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, एटीएस जवान कमलेश अपने परिवार के साथ शुक्रवार शाम अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने सुखदेवनगर स्थित उनके आवास में चोरी की घटना को अंजाम दिया। परिवार के बाहर रहने के दौरान बदमाशों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

अलमारी का ताला तोड़कर समेटे जेवर और नकदी

कमलेश के बड़े भाई सोमनाथ राय ने बताया कि घर में घुसने के बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, परिवार के लौटने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। घटना की सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग सदर अस्पताल में DC का औचक निरीक्षण, बंद लिफ्ट पर जताई नाराजगी, ENT OPD में खुद कराई कान की जांच

जल्द खुलासे का दावा

सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। राजधानी में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंद घरों को निशाना बनाने वाले गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरी में शामिल बदमाशों की तलाश जारी है।

संबंधित खबरें