औरंगाबाद की BPSC शिक्षिका का कोडरमा में रेलवे ट्रैक पर मिला शव, हादसा या कुछ और? जांच जारी

Rupa Kumari | July 25, 2026 | 01:46 PM IST

Samachar Post डेस्क, बिहार : बिहार के औरंगाबाद जिले की रहने वाली एक युवा शिक्षिका का शव झारखंड के कोडरमा जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जो बीपीएससी के माध्यम से नियुक्त शिक्षिका बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

रेलवे ट्रैक निरीक्षण के दौरान मिला शव

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन के ट्रैकमैन धनबाद-गया रेलखंड की अप और डाउन लाइन का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान तिलैया थाना क्षेत्र के टीनवाटांड के पास अप लाइन के पोल संख्या 394/27 के निकट एक युवती का शव पड़ा मिला। ट्रैकमैन ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

आधार कार्ड और दस्तावेजों से हुई पहचान

पुलिस को घटनास्थल से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज मिले। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान औरंगाबाद जिले के मनहार निवासी नेहा कुमारी के रूप में की गई। बैग से दाउदनगर स्थित एक विद्यालय के विद्यार्थियों की मार्कशीट, कॉलेज प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी कागजात भी बरामद हुए हैं।

शुक्रवार शाम से लापता थीं नेहा

परिजनों के अनुसार, नेहा कुमारी दाउदनगर स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। उनकी बहन लवली ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल की ड्यूटी समाप्त होने के बाद नेहा ट्यूशन पढ़ाने के लिए निकली थीं। आमतौर पर वह शाम तक घर लौट आती थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचीं। परिवार ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में उनका मोबाइल भी बंद हो गया। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

ट्रेन से गिरने की आशंका, सभी पहलुओं की जांच

प्रारंभिक जांच में रेलवे पुलिस को आशंका है कि नेहा किसी ट्रेन से यात्रा कर रही थीं और संभवतः गिरने के कारण उनकी मौत हुई। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें : पटना के LNJP अस्पताल का नया सुपरस्पेशियलिटी भवन आज होगा शुरू, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन

परिवार में शोक की लहर

घटना की सूचना मिलने के बाद नेहा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नेहा कोडरमा कैसे पहुंचीं और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल इस मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानते हुए सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें