JSSC सहायक आचार्य भर्ती में OBC आरक्षण नहीं मिलने पर विरोध तेज, विज्ञापन संशोधन की मांग

Rupa Kumari | July 25, 2026 | 10:50 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत होने वाली झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य प्रतियोगिता परीक्षा में पिछड़ा वर्ग (BC-I और BC-II) के लिए आरक्षण का प्रावधान नहीं किए जाने पर विरोध शुरू हो गया है। इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का दरवाजा खटखटाया है। शुक्रवार को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने धुर्वा स्थित राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर भर्ती विज्ञापन में संशोधन की मांग की।

BC-I और BC-II के लिए 14 प्रतिशत आरक्षण की मांग

ज्ञापन में संगठन ने कहा है कि सहायक आचार्य भर्ती के कुल 1909 पदों में अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षण दिया गया है, लेकिन BC-I और BC-II वर्ग के लिए कोई पद आरक्षित नहीं किया गया है। मोर्चा का कहना है कि झारखंड में पिछड़ा वर्ग के लिए 14 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, इसलिए भर्ती प्रक्रिया में भी इसका लाभ दिया जाना चाहिए।

अदालत के आदेश की गलत व्याख्या का आरोप

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने आरोप लगाया है कि JSSC ने न्यायालय के आदेश की गलत व्याख्या करते हुए पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षण के लाभ से वंचित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि यह व्यवस्था समान अवसर और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में सभी वर्गों को उनके निर्धारित आरक्षण का लाभ सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में संगठन ने भर्ती विज्ञापन की कुछ अन्य शर्तों पर भी सवाल उठाए हैं। मोर्चा का कहना है कि टीईटी (TET) को अनिवार्य बनाए जाने और नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया लागू करने से अभ्यर्थियों को नुकसान हो सकता है। संगठन ने इन प्रावधानों की भी समीक्षा करने की मांग की है।

आंदोलन और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने मांग की है कि 30 अगस्त 2026 से पहले विज्ञापन में संशोधन कर BC-I और BC-II वर्ग के लिए 14 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करने के साथ-साथ कानूनी विकल्पों का भी सहारा लेंगे।

यह भी पढ़ें : रांची में कथित तांत्रिक हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

भर्ती प्रक्रिया को लेकर बढ़ी चर्चा

सहायक आचार्य भर्ती झारखंड की बड़ी नियुक्ति प्रक्रियाओं में शामिल है। ऐसे में आरक्षण और भर्ती नियमों को लेकर उठे सवालों ने अभ्यर्थियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के बीच नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजर राज्य सरकार, पिछड़ा वर्ग आयोग और JSSC की आगामी प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें