Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के कोकर क्षेत्र में हुए चर्चित कथित तांत्रिक रमेश ठाकुर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कथित तंत्र-मंत्र और धनवर्षा के नाम पर लोगों को भरोसा दिलाने वाले रमेश ठाकुर की हत्या तीन युवकों ने मिलकर की थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डोरंडा के पोखरटोली निवासी अमित चौधरी, लोअर बाजार निवासी सचिन गुप्ता और लालपुर निवासी निरंजन स्वांसी के रूप में हुई है।
हथियार और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, कारतूस, खोखा, खून से सना प्लास, मृतक के रोल्ड गोल्ड के आभूषण, तीन मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। रांची सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिसके आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
धनवर्षा के दावे से जुड़े थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, रमेश ठाकुर कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और ओझा-गुनी का काम करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कई लोग आर्थिक समृद्धि और कथित चमत्कार की उम्मीद में उसके संपर्क में आते थे। जांच के अनुसार, गिरफ्तार तीनों युवक भी इसी उम्मीद से उसके संपर्क में आए थे। हालांकि, लंबे समय तक संपर्क में रहने के बावजूद उनकी अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं, जिसके बाद विवाद बढ़ता गया।
जांच में शोषण के आरोप भी आए सामने
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान आरोपियों ने दावा किया है कि कथित अनुष्ठानों और धन प्राप्ति के नाम पर उन्हें विभिन्न प्रकार के झूठे आश्वासन दिए गए। मामले की जांच के दौरान कुछ अन्य गंभीर आरोप भी सामने आए हैं, जिनकी पुलिस अलग से जांच कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

हत्या की कथित साजिश
जांच एजेंसी के अनुसार, तीनों आरोपियों ने कथित रूप से पहले से योजना बनाकर रमेश ठाकुर के घर जाने का फैसला किया। घटना के दिन विवाद बढ़ने के बाद हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पहले गोली चलाने का प्रयास किया गया, लेकिन बाद में धारदार/कठोर वस्तु से हमला कर हत्या को अंजाम दिया गया।
यह भी पढ़ें : झारखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, 28 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश के आसार, यलो-ऑरेंज अलर्ट जारी
मामले की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और वैज्ञानिक साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट तथा आरोपियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले ने एक बार फिर तंत्र-मंत्र, चमत्कार और जल्दी अमीर बनने के झांसे से जुड़े खतरों को लेकर चर्चा छेड़ दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैज्ञानिक या भ्रामक दावों के प्रति सतर्क रहें और संदेह होने पर संबंधित एजेंसियों को सूचना दें।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

