Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बड़ा चुनचुड़ीया गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग कुईडीह गांव में आयोजित एक समारोह से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में छह लोग हुए घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर काफी तेज थी। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को मिलन चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, जबकि एक घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। घायलों को इलाज के लिए ले जाने के दौरान उमाचरण पुरान उर्फ लालू पुरान और श्याम लाल सिंह मुंडा की रास्ते में ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई थीं।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में महिला पर फायरिंग, भाई को गलत संगत से दूर रखने पर युवक पर आरोप
समारोह से लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार लोग कुईडीह गांव में एक समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ा चुनचुड़ीया गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।