Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद :धनबाद में सोशल मीडिया और डेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए युवकों तक HIV संक्रमण पहुंचने के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के एआरटी सेंटर में काउंसिलिंग के दौरान कई ऐसे मामलों की जानकारी मिली है, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से देख रहा है। अधिकारियों के अनुसार कुछ HIV संक्रमित लोग सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स के माध्यम से युवकों से संपर्क स्थापित कर रहे थे। लंबे समय तक बातचीत, वीडियो कॉल और मुलाकातों के जरिए पहले भरोसा बनाया गया, जिसके बाद संबंध स्थापित किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कई मामलों में संक्रमित व्यक्ति ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी छिपाई थी।
यह भी पढ़ें: पलामू बस स्टैंड के पास भीषण आग, तीन दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
जांच के दौरान खुलासा
एआरटी सेंटर से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि कई युवकों को तब संदेह हुआ जब उनकी तबीयत खराब रहने लगी या उन्हें मेडिकल जांच कराने की सलाह दी गई। जांच में HIV संक्रमण की पुष्टि होने के बाद पूरी स्थिति सामने आई। कुछ पीड़ितों ने यह भी बताया कि उन्हें सामने वाले व्यक्ति की असली पहचान और स्वास्थ्य स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में हर महीने एमएसएम (पुरुषों के साथ संबंध रखने वाले पुरुष) वर्ग से जुड़े दो से तीन नए HIV संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। इनमें शिक्षित और अच्छे परिवारों से आने वाले युवक भी शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता की कमी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तेजी से बढ़ते संपर्क इस चुनौती को और गंभीर बना रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप के जरिए बने संबंधों में सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और सही जानकारी ही HIV संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से किसी भी तरह के संदेह या लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने और विशेषज्ञों से सलाह लेने को कहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।