Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले के हैदरनगर बस स्टैंड के पास सोमवार अहले सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इस अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 15 लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। घटना के बाद बस स्टैंड और आसपास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कुछ देर तक पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें :झारखंड में बढ़ती गर्मी को लेकर रिम्स अलर्ट, हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए अलग बेड और विशेष तैयारी
टायर दुकान और गैरेज समेत तीन दुकानें जलीं
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3 बजे बस स्टैंड के पास स्थित शमशीर टायर दुकान, छोटू बाइक गैरेज और सलाम ऑटो गैरेज में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कुछ ही देर में तीनों दुकानें जलने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग को बुलाया गया।
सिलेंडर ब्लास्ट से और भड़की आग
घटना के दौरान एक दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि वहां मौजूद पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए। सिलेंडर फटने के बाद आग और तेजी से फैल गई, जिससे दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
तीन ऑटो, तीन बाइक और लाखों का सामान खाक
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। घटना में तीन ऑटो, तीन बाइक और करीब तीन लाख रुपये के टायर जलकर राख हो गए। दुकानों में रखा बाकी सामान भी पूरी तरह बर्बाद हो गया। इस हादसे के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि शुरुआती जांच में बिजली पोल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post