- हुसैनाबाद में छात्र-युवा और स्थानीय लोग करेंगे प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ उठेगी आवाज
Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : देशभर में सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में पलामू जिले के हुसैनाबाद शहर में मंगलवार को शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च दोपहर 3 बजे गांधी चौक से शुरू होकर अंबेडकर चौक और जयप्रकाश चौक होते हुए अनुमंडल कार्यालय तक जाएगा। आयोजन में छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर हुसैनाबाद में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।
दिल्ली आंदोलन के समर्थन में होगा मार्च
बताया गया है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में यह पैदल मार्च आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान छात्र और युवा अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाएंगे तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग करेंगे। मार्च के समापन के बाद प्रदर्शनकारी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई, परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की जाएगी।

यह भी पढ़ें : चाईबासा के टोपाबेड़ा गांव में हाथियों का आतंक, दहशत में ग्रामीण; वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
प्रशासन से ली गई अनुमति
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडल प्रशासन को पूर्व में लिखित आवेदन दिया गया था। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मार्च आयोजित करने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

