Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :साइबर अपराध के लिए लंबे समय तक बदनाम रहे जामताड़ा में अब पुलिस लगातार साइबर ठगों पर शिकंजा कस रही है। जिले में साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, लैपटॉप और नकदी बरामद की है। मामले की जानकारी रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी शंभू कुमार सिंह ने दी। एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग साइबर ठगी के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसके बाद साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई।
यह भी पढ़ें :रांची नगर निगम की बड़ी राहत: 30 जून तक होल्डिंग टैक्स जमा करने पर मिलेगा 10% डिस्काउंट
कर्माटांड़ और नारायणपुर में छापेमारी
पुलिस टीम ने सबसे पहले कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के मठटांड, काशीटांड और बांसपहाड़ी गांव में दबिश दी। यहां से विष्णु मंडल, सचिन मंडल और सागर नायक को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकानियां गांव में छापेमारी कर किशोर दास और विश्वजीत दास को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार विश्वजीत दास पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर, पश्चिम वर्धमान जिले का रहने वाला है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 फर्जी सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब जब्त सामान की जांच कर साइबर अपराधियों के नेटवर्क और उनके ठगी के तरीकों की जानकारी जुटा रही है।
बैंक अधिकारी बनकर करते थे ठगी
जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और खाते से जुड़ी जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक इनका नेटवर्क सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि कई अन्य राज्यों तक फैला हुआ था। गिरफ्तार आरोपी सागर नायक और विश्वजीत दास पहले भी साइबर ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं, लेकिन बाहर आने के बाद फिर से इस अपराध में सक्रिय हो गए थे। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता, पुअनि संजय कुमार सिंह, हीरालाल महतो समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
Reporter | Samachar Post