Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :सिमडेगा की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने झारखंड का नाम रोशन किया है। संदीप मांझी और पुष्पा कुमारी का चयन अंडर-18 भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब चीन में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन की खबर से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमी, कोच और साथी खिलाड़ी इसे सिमडेगा के लिए बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राहुल दुबे गैंग का गुर्गा हथियार के साथ गिरफ्तार
मेहनत और अनुशासन से हासिल किया मुकाम
दोनों खिलाड़ी लंबे समय से सिमडेगा हॉकी सेंटर में प्रशिक्षण ले रही थीं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण उनकी सबसे बड़ी ताकत रही। अब उनकी मेहनत रंग लाई है और वे भारतीय टीम की जर्सी पहनने जा रही हैं। संदीप और पुष्पा के चयन के बाद सिमडेगा में जश्न जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
“सिमडेगा लगातार देश को खिलाड़ी दे रहा है”
मनोज कोनबेगी ने दोनों खिलाड़ियों के चयन को जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सिमडेगा लगातार हर आयु वर्ग में देश को महिला हॉकी खिलाड़ी दे रहा है, जो यहां की मजबूत खेल संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि संदीप मांझी, भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी संगीता कुमारी की छोटी बहन हैं। इससे यह भी साफ होता है कि नई पीढ़ी अब सीनियर खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रही है।
“बचपन से ही दोनों में था जुनून”
तारिणी कुमारी ने कहा कि दोनों खिलाड़ी बचपन से ही मेहनती और अनुशासित रही हैं। हॉस्टल में रहते हुए उन्होंने कभी अभ्यास में लापरवाही नहीं की और हमेशा खेल को प्राथमिकता दी। कोच के मुताबिक, यही समर्पण उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। साथी खिलाड़ी पिंकी कुमारी ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका चयन पूरी टीम के लिए गर्व की बात है। वहीं युवा खिलाड़ी अनीशा कल्लू ने कहा कि संदीप और पुष्पा की सफलता उन्हें भी भारतीय टीम तक पहुंचने के लिए प्रेरित करती है।
Reporter | Samachar Post