Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में मानसून सक्रिय होने के साथ ही मलेरिया के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से जून 2026 के बीच राज्य में 16,728 मलेरिया के मामले सामने आए हैं। इनमें केवल जून महीने में 4,386 नए मरीज मिले हैं, जिससे संक्रमण की रफ्तार को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राज्य में सबसे अधिक मलेरिया के मामले पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में दर्ज किए गए हैं। इन दोनों जिलों में कुल 12,744 मरीज मिले हैं, जो राज्य के कुल मामलों का लगभग 76 प्रतिशत है।
यह भी पढ़ें : सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य पर बोले इरफान अंसारी, केंद्र से तत्काल चिकित्सा सुविधा देने की मांग
पूर्वी सिंहभूम में मिले 89 नए मरीज
पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 10,357 लोगों की जांच की, जिसमें 89 लोगों में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई। संक्रमित मरीजों में 66 मरीज प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम (PF), 22 मरीज प्लाज्मोडियम विवैक्स (PV), 1 मरीज मिक्स संक्रमण से संक्रमित पाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक मलेरिया से किसी की मौत की सूचना नहीं है। चाकुलिया के गोहालडांगरा गांव में ब्रेन मलेरिया का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित परिवार के सदस्यों की जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई हैं। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में कीटनाशक छिड़काव और एंटी-लार्वा अभियान तेज कर दिया गया है।

डेंगू के भी 77 मामले दर्ज
मलेरिया के साथ-साथ राज्य में डेंगू के मामलों में भी वृद्धि देखी गई है। जनवरी से जून 2026 के बीच 77 डेंगू मरीज मिले हैं, जिनमें 32 मामले केवल जून महीने के हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें तथा बुखार आने पर तुरंत जांच कराकर चिकित्सकीय सलाह लें।

Reporter | Samachar Post

