Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से SP कपिल चौधरी की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी ने निर्देश दिया कि पिछले 10 वर्षों में जेल से रिहा हुए लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, चोरी और गृहभेदन जैसे गंभीर मामलों के अभियुक्तों का अनिवार्य सत्यापन किया जाए। साथ ही उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और लंबित वारंट व कुर्की मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया।
यह भी पढ़ें : LLB छात्रा दिव्या हत्याकांड का खुलासा: गवाही रोकने के लिए प्रेमी ने रची हत्या की साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार
गश्ती व्यवस्था और बीट पुलिसिंग होगी मजबूत
पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए गश्ती दल की निगरानी हेतु QR कोड स्कैन प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली में सुधार और बीट पुलिसिंग को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया। एसपी कपिल चौधरी ने जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

दैनिक समीक्षा के निर्देश
बैठक में पिछले महीने के एजेंडे पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले माह फिर से विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का आकलन किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post

