Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जामताड़ा जिले के मिहिजाम और पश्चिम बंगाल के चित्तरंजन रेल नगरी क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर छिनतई और वाहन चोरी की दो घटनाओं का खुलासा किया है। इस अभियान में मिहिजाम पुलिस, विशेष दस्ता ‘मोबाइल टाइगर’ और आरपीएफ की टीम शामिल रही।
महिला से सोने का हार छीनने वाला गिरफ्तार
पहली घटना 19 मई की शाम की बताई जा रही है। चित्तरंजन के आर-7 बाजार के पास 38 नंबर रोड पर 60 वर्षीय रीता देवी दूध लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पैदल आए दो युवकों ने उनके गले से सोने का हार झपट लिया और फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान चित्तरंजन पुलिस को मिहिजाम पुलिस के खुफिया नेटवर्क से अहम जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने कानगोई निवासी 26 वर्षीय अरुण प्रसाद के घर छापेमारी की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके घर में गोयठे के ढेर में छिपाकर रखा गया सोने का हार भी बरामद कर लिया। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में ACB का बड़ा एक्शन, बिजली विभाग का कर्मी ₹5000 घूस लेते गिरफ्तार
अस्पताल परिसर से मोपेड चोरी का भी खुलासा
दूसरी घटना कस्तूरबा गांधी अस्पताल परिसर में वाहन चोरी से जुड़ी है। आरोप है कि मिहिजाम निवासी हरीश हांसदा अपनी साइकिल से चित्तरंजन पहुंचा और वहां रेलकर्मी बासुदेव घोष की मोपेड चोरी कर ली। बताया गया कि आरोपी ने चोरी के बाद मोपेड को स्ट्रीट नंबर 43ए और कुर्मीपाड़ा के बीच झाड़ियों में छिपा दिया था।
नाकेबंदी कर आरोपी को दबोचा
आरपीएफ कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद मिहिजाम पुलिस ने मोबाइल टाइगर टीम के साथ बॉर्डर इलाके में नाकेबंदी कर दी। जैसे ही आरोपी मिहिजाम की ओर भागने की कोशिश कर रहा था, पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोपेड भी बरामद कर ली गई। इस अभियान में चित्तरंजन थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली, आरपीएफ अधिकारियों और मिहिजाम पुलिस की अहम भूमिका रही। मिहिजाम-चित्तरंजन सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित और समन्वित कार्रवाई की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।