Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :एसीबी की हजारीबाग टीम ने कोडरमा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक कर्मी को 5 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मी की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उसे अपने साथ हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, ब्लीचिंग पाउडर से लदा वाहन जलकर राख
बिजली कनेक्शन बंद कराने के नाम पर मांगी रिश्वत
शिकायतकर्ता राजू यादव, जो डोमचांच के सपही गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उनका नीरू पहाड़ी के पास एक ऐश ब्रिक्स प्लांट था। इसके लिए उन्होंने कुछ वर्ष पहले कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन लिया था। बाद में प्लांट बंद होने के बाद उन्होंने बिजली कनेक्शन कटवाने और सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए कई बार झुमरीतिलैया बिजली कार्यालय के चक्कर लगाए।
पहले मांगे ₹15 हजार, फिर ₹5 हजार में हुआ सौदा
पीड़ित के अनुसार इसी दौरान उनकी मुलाकात लाइनमैन सुनील कुमार से हुई। आरोप है कि सुनील ने बिजली कनेक्शन बंद कराने और सिक्योरिटी मनी दिलाने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में मामला 5 हजार रुपये पर तय हुआ। इसके बाद राजू यादव ने पूरे मामले की शिकायत एसीबी हजारीबाग से की।
एसीबी ने बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़ाया कर्मी
शिकायत की जांच के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही सुनील कुमार ने बिजली कार्यालय के पास 5 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Reporter | Samachar Post