Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला : सरायकेला जिले के नीमडीह प्रखंड स्थित सोनाडूंगरी (झिमड़ी) में निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की चारदीवारी निर्माण में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि तकनीकी मानकों को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है, जिससे भविष्य में दीवार कमजोर साबित हो सकती है।
6 की जगह लगाए जा रहे 4 सरिया
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिलर निर्माण में जहां छह सरिया लगाए जाने चाहिए थे, वहां केवल चार सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा दीवार निर्माण में निम्न गुणवत्ता वाली काली ईंटों के उपयोग का भी आरोप लगाया गया है। पंचायत समिति सदस्य पद्मलोचन महतो ने भी इन आरोपों की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद निर्माण एजेंसी मनमाने तरीके से काम कर रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर योजना से जुड़ा कोई सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है। सामान्यतः सरकारी निर्माण कार्यों में लागत, एजेंसी का नाम, कार्य अवधि और मजदूरी दर जैसी जानकारी सार्वजनिक की जाती है। लोगों का कहना है कि बिना पारदर्शिता के निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में DRDO कर्मी की संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव
सुरक्षा और धार्मिक आस्था को लेकर चिंता
ग्रामीण युवक नीलमोहन महतो ने निर्माण स्थल की भौगोलिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि यह इलाका आयरन युक्त मिट्टी वाला है, जहां आकाशीय बिजली गिरने का खतरा अधिक रहता है, जो बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है। इसके अलावा ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना स्थानीय सहमति के पारंपरिक देवस्थल के पास निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। निर्माण स्थल पर मौजूद मुंशी मिंटू कर्मकार ने माना कि पिलर में सरिया कम लगाए गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे निर्माण कार्य की निगरानी वह अकेले कर रहे हैं, जबकि इंजीनियर महीने में केवल एक-दो बार निरीक्षण के लिए आते हैं। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर कमियों को सुधारते हुए दीवार दोबारा बनाई जाएगी।
प्रशासन ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए नीमडीह के अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से जुड़े आरोपों और सरिया की कमी की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।