रामगढ़ में DRDO कर्मी की संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव

Rupa Kumari | May 19, 2026 | 11:01 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में डीआरडीओ कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में शोक का माहौल है। तालाताड़ पंचायत के भुइयां टोला निवासी 35 वर्षीय कमल किशोर महतो का शव मंगलवार सुबह घर के समीप पहाड़ी क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

बेंगलुरु में थी पोस्टिंग

परिजनों के अनुसार, कमल किशोर महतो डीआरडीओ में कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी। वह 19 अप्रैल को छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थे और उन्हें नींद नहीं आने की शिकायत भी थी।

यह भी पढ़ें: पलामू में कोयला लदा हाइवा घर में घुसा, छत पर सो रहा परिवार बाल-बाल बचा

रात से ही तलाश कर रहे थे परिजन

ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार रात करीब 11 बजे कमल किशोर महतो को गांव में टहलते देखा गया था। देर रात जब परिजनों की नींद खुली तो वह अपने कमरे में नहीं मिले। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उनका कोई सुराग नहीं मिला।

परिवार में पसरा मातम

मंगलवार सुबह उनका शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कमल किशोर महतो अपने पिता प्रभु महतो के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Share this news

संबंधित खबरें