Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कोयला लदा हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पंकी-मेदिनीनगर मुख्य सड़क पर तेज गति से जा रहा हाइवा अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे शिव साव के घर में घुस गया। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर बड़ा शिकंजा, 701 गिरफ्तार; करोड़ों की नकदी और हजारों सिम जब्त
छत पर सो रहा था परिवार, टला बड़ा हादसा
जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त घर के सभी लोग छत पर सो रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि अगर परिवार नीचे कमरे में सो रहा होता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। टक्कर से घर की दीवारें टूट गईं और मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। टक्कर के बाद हाइवा चालक वाहन के अंदर फंस गया। बताया जा रहा है कि उसका पैर गाड़ी में दब गया था। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कटर मशीन मंगाकर वाहन के हिस्से काटे और चालक को बाहर निकाला। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार हमेशा हादसों का कारण बनती है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। हादसे के बाद कई घंटों तक इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही। गांव में इस बात की चर्चा होती रही कि अगर परिवार नीचे सो रहा होता तो हादसा बेहद भयावह हो सकता था।
Reporter | Samachar Post