Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र के दलाहीटांड़ में अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और तेतुलमारी-राजगंज मुख्य सड़क को घंटों जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। सड़क जाम की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि इलाके में लगातार हो रहे अवैध कोयला उत्खनन और भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें खराब हो रही हैं। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां भी टांडाबाड़ी जैसी बड़ी घटना हो सकती है।
यह भी पढ़ें :रामगढ़ में DRDO कर्मी की संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव
“रातभर चलता है अवैध खनन”
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन और ढुलाई की जाती है। तेज रफ्तार हाइवा और ट्रकों के कारण गांव में हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए सड़क पार करना भी मुश्किल हो गया है। लगातार उड़ती धूल और प्रदूषण से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी अवैध खनन के खिलाफ खुलकर विरोध जताया।
प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि अवैध कारोबार की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।
प्रशासन के आश्वासन के बाद हटा जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका। धनबाद के कई इलाकों में अवैध कोयला खनन को लेकर पहले भी विरोध प्रदर्शन और तनाव की घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
Reporter | Samachar Post