Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहरा चौक के पास माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में वाहनों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पविया की ओर से जामताड़ा आ रहे गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को रोका गया।
चालक नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज
माइनिंग इंस्पेक्टर ने ट्रैक्टर चालक से गिट्टी और वाहन से संबंधित वैध कागजात मांगे, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में कागजात की कमी और अवैध परिवहन का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। जब्त किए गए गिट्टी लदे ट्रैक्टर को जामताड़ा थाना परिसर भेज दिया गया है। वहीं खनन विभाग वाहन मालिक और चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक गंभीर घायल, धनबाद रेफर
अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती
जिला प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी छापेमारी अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि जिले में अवैध परिवहन और खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।