Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : दामोदर नदी में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। रामगढ़ शहर के गढ़बांध इलाके में नहाने के दौरान तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर 14 से 15 वर्ष की उम्र के थे। वे घर से फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले थे, लेकिन बाद में गढ़बांध पहुंचकर दामोदर नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे।
एक किशोर की हालत गंभीर
डूब रहे किशोरों में बंगाली टोला निवासी आयुष कुमार तिवारी स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा। गंभीर हालत में उसे रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर पहुंचने के बाद आयुष ने अपने दोस्तों के डूबने की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के लोग और स्थानीय नागरिक घटनास्थल पहुंचे। हादसे में नए बस स्टैंड के पास रहने वाले वैभव कुमार की मौत हो गई। वहीं किसान नगर निवासी प्रिंस सोनकर अब भी लापता है। सूचना मिलने के बाद पतरातू से गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: इस साल समय से पहले पहुंचेगा मानसून, झारखंड में 12 से 18 जून के बीच एंट्री के संकेत
गहरे पानी को लेकर लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि गढ़बांध से शहर में जलापूर्ति की जाती है, जिसके कारण यहां बांध बनाया गया है। बांध बनने के बाद नदी का यह हिस्सा काफी गहरा हो गया है, जिससे हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। घटनास्थल से किशोरों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।