Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले केरल पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने 26 मई से 30 मई के बीच केरल में मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई है। सामान्य तौर पर मानसून हर साल 1 जून को केरल पहुंचता है।
यह भी पढ़ें :95% से कम रिजल्ट पर कार्रवाई : हजारीबाग के 59 स्कूलों के प्राचार्य और शिक्षकों का वेतन रोका
झारखंड में 12 से 18 जून के बीच मानसून की संभावना
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार केरल में मानसून की एंट्री पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में बारिश के मौसम की शुरुआत का संकेत मानी जाती है। इसके बाद मानसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ता है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में इस बार मानसून 12 जून से 18 जून के बीच पहुंच सकता है। यदि यह पूर्वानुमान सही साबित होता है तो राज्य में सामान्य से पहले बारिश शुरू हो सकती है।
2005 से जारी हो रहा मानसून पूर्वानुमान
अभिषेक आनंद ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग वर्ष 2005 से केरल में मानसून के आगमन को लेकर परिचालन पूर्वानुमान जारी कर रहा है। इसके लिए स्वदेशी तकनीक से विकसित अत्याधुनिक सांख्यिकीय मॉडल का उपयोग किया जाता है। इस मॉडल में चार दिनों तक की संभावित त्रुटि मानी जाती है। उन्होंने बताया कि पूर्वानुमान मॉडल में छह प्रमुख मौसम संकेतकों को शामिल किया जाता है। इनमें उत्तर-पश्चिम भारत का न्यूनतम तापमान, दक्षिण प्रायद्वीप में मानसून पूर्व बारिश, समुद्र तल का दबाव, दक्षिण चीन सागर में आउटगोइंग लॉन्ग वेव रेडिएशन, हिंद महासागर की क्षेत्रीय हवाएं और इंडोनेशिया क्षेत्र की ऊपरी हवाएं शामिल हैं।
पिछले वर्षों में मानसून आगमन और पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2005 से 2025 के बीच मानसून आगमन को लेकर जारी अधिकांश पूर्वानुमान सही साबित हुए हैं। केवल वर्ष 2015 में अनुमान पूरी तरह सटीक नहीं रहा था।
- वर्ष 2020 में मानसून 1 जून को पहुंचा था, जबकि पूर्वानुमान 5 जून का था।
- वर्ष 2021 में मानसून 3 जून को आया था और पूर्वानुमान 31 मई का था।
- वर्ष 2022 में मानसून 29 मई को पहुंचा था, जबकि अनुमान 27 मई का लगाया गया था।
- वर्ष 2023 में मानसून 8 जून को आया था और पूर्वानुमान 4 जून का था।
- वर्ष 2024 में मानसून 30 मई को पहुंचा था, जबकि पूर्वानुमान 31 मई का था।
- वर्ष 2025 में मानसून 17 जून को आया था और पूर्वानुमान 12 जून का था।
- वर्ष 2026 में झारखंड में मानसून के 12 से 18 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है।
किसानों और आम लोगों की बढ़ी उम्मीदें
मानसून के संभावित समय से पहले आगमन को लेकर किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। समय पर बारिश होने से खरीफ फसलों की बुवाई आसान होगी और खेती की तैयारी बेहतर तरीके से हो सकेगी। वहीं लगातार बढ़ती गर्मी और उमस से परेशान लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post