Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राकेश रंजन ने रविवार देर रात राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद सड़कों पर उतरकर कई प्रमुख थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सिटी एसपी पारस राणा भी मौजूद रहे। आधी रात हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने विभिन्न थानों में सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी, रिकॉर्ड संधारण और रात्रि गश्ती व्यवस्था की जांच की। उन्होंने थानेदारों और पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी ली।
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
एसएसपी ने थानों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल्द निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही रात्रि गश्ती को और सक्रिय बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजधानी में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संदिग्ध लोगों से पूछताछ, वाहनों की जांच तेज
देर रात निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर वाहनों की जांच अभियान भी चलाया गया। पुलिस टीम ने रात में घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि रात्रि गश्ती में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Reporter | Samachar Post