Samachar Post डेस्क, रांची: CSK और SRH के बीच आईपीएल 2026 का 63वां मुकाबला सोमवार शाम चेन्नई के M. A. Chidambaram Stadium में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा और इसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। दक्षिण भारत की दो बड़ी टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला कई मायनों में खास माना जा रहा है। चेपॉक में इस सीजन का यह चेन्नई का आखिरी घरेलू मैच भी होगा।
धोनी को लेकर फैंस में उत्साह
इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण MS Dhoni को लेकर बना हुआ है। पूरे सीजन चोट की वजह से मैदान से दूर रहे धोनी के इस मैच में खेलने की संभावना जताई जा रही है। फैंस के लिए यह पल बेहद भावुक हो सकता है, क्योंकि माना जा रहा है कि यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। धोनी पहले भी कह चुके हैं कि वह अपना अंतिम आईपीएल मुकाबला चेपॉक में खेलना चाहते हैं। ऐसे में चेन्नई के दर्शक अपने ‘थाला’ को एक बार फिर मैदान पर देखने के इंतजार में हैं।
यह भी पढ़ें:DBT से बढ़ी पारदर्शिता, बिहार को मिले 49 हजार करोड़ रुपये
बल्लेबाजों के लिए मददगार रही चेपॉक की पिच
इस सीजन चेपॉक की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल रही है। यहां खेले गए छह मुकाबलों में कई बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना है। हालांकि कुछ मैचों में गेंदबाजों को भी मदद मिली, लेकिन औसत स्कोर करीब 190 रन रहा है। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीमों को यहां ज्यादा सफलता मिली है। छह में से चार मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीते हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है।
प्लेऑफ की रेस में अहम मुकाबला
पॉइंट्स टेबल के लिहाज से भी यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चेन्नई को प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखने के लिए अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे। वहीं हैदराबाद की नजर टॉप-2 में जगह मजबूत करने पर होगी। दोनों टीमें इस सीजन दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने चेन्नई को 10 रन से हराया था। अब CSK घरेलू मैदान पर हिसाब बराबर करने के इरादे से उतरेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।