Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :सिमडेगा जिले के महाबुआंग थाना में ड्यूटी के दौरान एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। संतरी ड्यूटी पर तैनात जवान राजू तिर्की को उनके ही हथियार से गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल राजू तिर्की को सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, राजू तिर्की महाबुआंग थाना में संतरी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी जब वहां पहुंचे तो जवान खून से लथपथ अवस्था में मिले। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में JAC, CBSE और ICSE बोर्ड टॉपर्स को DC ने किया सम्मानित
पुलिस विभाग में शोक की लहर
जवान की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक का माहौल बन गया। साथी पुलिसकर्मी और अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली गलती से चली या मामला किसी अन्य वजह से जुड़ा है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से घटना की पड़ताल की जा रही है। हथियार और घटनास्थल की जांच की जा रही है ताकि गोली चलने की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
Reporter | Samachar Post