Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र स्थित कुकडु के झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। विद्यालय भवन की छत पर बनी जर्जर और कमजोर रेलिंग कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है। बताया जा रहा है कि विद्यालय भवन का डिजाइन खुला है, जहां बीच का हिस्सा पूरी तरह खाली है और चारों ओर कक्षाएं बनी हुई हैं। ऊपरी मंजिल पर सुरक्षा के लिए बनाई गई ईंट की रेलिंग अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में मां पार्वती की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, लोगों में आक्रोश; दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
रेलिंग में दरारें, कई जगह झुक चुकी दीवार
जानकारी के अनुसार, छत पर बनी करीब 5 इंच चौड़ी रेलिंग निम्न गुणवत्ता की सामग्री से तैयार की गई थी। समय के साथ इसमें कई जगह दरारें पड़ गई हैं और कुछ हिस्से झुकाव की स्थिति में पहुंच गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो रेलिंग गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं और शिक्षिकाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्कूल में 340 से ज्यादा छात्राएं रहती हैं
गौरतलब है कि झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में करीब 340 छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके अलावा कई शिक्षिकाएं भी परिसर में ही रहती हैं। ऐसे में भवन की खराब स्थिति और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। कुछ दिन पहले ही विद्यालय में बोरिंग पाइप फटने से जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसे अस्थायी व्यवस्था कर संभाला गया था। अब रेलिंग की जर्जर हालत ने नई चिंता खड़ी कर दी है।
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
प्रशासन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
निरीक्षण के दौरान पहुंचे प्रभारी अंचल अधिकारी, कुकडु ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यह बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी और जल्द समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Reporter | Samachar Post