Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के किताझोर मोहल्ले में एक बेटे ने कथित तौर पर अपने ही पिता की हसुआ से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 60 वर्षीय दिवाकर सरदार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बेटे अनूप सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
बहाने से घर बुलाया, फिर हुआ खूनी विवाद
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात आरोपी अनूप सरदार ने किसी बहाने से अपने पिता को घर बुलाया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनूप ने घर में रखे हसुआ से पिता के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से दिवाकर सरदार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। बुधवार सुबह मामला तब सामने आया जब आरोपी अपनी एक बेटी को लेकर घर पहुंचा। घर की स्थिति देखकर परिवार और आसपास के लोग हैरान रह गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: रक्षक बना भक्षक: गुमला में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में एएसआई गिरफ्तार
शराब के नशे में अक्सर करता था हंगामा
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी अनूप सरदार शराब का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था। पड़ोसियों ने बताया कि वह परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी करता था। जानकारी के अनुसार उसकी शादी पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में हुई थी और उसकी पांच बेटियां हैं। आरोप है कि वह पत्नी और बेटियों के साथ भी हिंसक व्यवहार करता था, जिसके कारण परिवार उससे अलग किराए के मकान में रहने लगा था। स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि कुछ साल पहले उसने अपनी पत्नी को जलाने की कोशिश की थी।
पोती ने बताई परिवार की दर्दनाक स्थिति
मृतक की पोती वर्षा सरदार ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से शराब के नशे में हिंसक व्यवहार करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि घर का सामान तक बेच दिया गया था और कई बार घर में आग लगाने की कोशिश भी की गई थी। वर्षा के अनुसार घटना वाले दिन उनके पिता ने दादा को घर बुलाया और बाद में उनकी हत्या कर दी। सुबह जानकारी मिलने पर पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
नगर थाना के एएसआई अश्लोक पांडेय ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे अनूप सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। घटना के बाद मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बेटे द्वारा पिता की इस तरह हत्या किया जाना बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।