Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड के गुमला से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक एएसआई पर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी एएसआई मनोज पासवान को रांची से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता और उसके परिवार की शिकायत पर गुमला महिला थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
इंश्योरेंस पॉलिसी के बहाने बढ़ाई नजदीकियां
एफआईआर के मुताबिक, घटना की शुरुआत साल 2017 में हुई थी, जब पीड़िता की उम्र महज 16 वर्ष थी। आरोप है कि मनोज पासवान ने पीड़िता की मां की इंश्योरेंस पॉलिसी कराने के दौरान परिवार से संपर्क बढ़ाया। धीरे-धीरे उसने पीड़िता से फोन पर बातचीत शुरू की और भरोसे का फायदा उठाकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने एक दिन पीड़िता को बहला-फुसलाकर गुमला के पटेल चौक स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील वीडियो भी बना लिया।
यह भी पढ़ें: नेतरहाट स्कूल में एडमिशन प्रक्रिया शुरू, 100 चयनित छात्रों की फाइनल सूची जारी
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लंबे समय तक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका यौन शोषण करता रहा। डर और बदनामी के भय से वह चुप रहने को मजबूर थी। जब पीड़िता की मां को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी से वीडियो हटाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि उसने परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकियां देता रहा।परिवार का आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता की छोटी बहन को भी नुकसान पहुंचाने और गलत हरकत करने की धमकी दी थी। कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़िता ने आखिरकार महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पहले भी विवादों में रह चुका है आरोपी
गिरफ्तार एएसआई मनोज पासवान का नाम इससे पहले भी विवादों में आ चुका है। जानकारी के अनुसार, करीब आठ महीने पहले उसे गुमला स्थित सरकारी क्वार्टर में अन्य महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था। उस मामले में भी विभागीय कार्रवाई हुई थी और वह जेल गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी दो महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।