Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पांडेयडीह में सोमवार देर रात एक जनरल स्टोर में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग बुझाने की कोशिश में दुकान मालिक और उनका बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। आग में दुकान के अंदर रखे चार फ्रिज, टीवी, मोबाइल फोन, दो फोटोकॉपी मशीन, नकद रकम और राशन का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में करीब 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
आग बुझाने के दौरान झुलसे पिता-पुत्र
दुकान मालिक मनोहर कुमार मरीक घटना के समय अपने परिवार के साथ दुकान के पीछे बने घर में मौजूद थे। जैसे ही आग की लपटें दिखाई दीं, परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आग बुझाने की कोशिश के दौरान मनोहर कुमार मरीक और उनके पुत्र विक्रम कुमार मरीक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें: गुमला में पूर्व चेंबर सचिव के घर 24 लाख की चोरी, CCTV में संदिग्ध कैद
स्थानीय लोगों और दमकल टीम ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और आग बुझाने में मदद करने लगे। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी और नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।
परिवार के सामने आर्थिक संकट
दुकान मालिक के अनुसार यही दुकान परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। आगजनी की इस घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। एक तरफ इलाज का खर्च बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर कारोबार दोबारा शुरू करने की चिंता परिवार को सता रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।