खूंटी की आदिवासी युवती को 17 साल तक दिल्ली में बंधक बनाकर रखने का आरोप, यौन शोषण और गर्भपात का मामला दर्ज

Rupa Kumari | May 11, 2026 | 11:14 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : खूंटी की एक आदिवासी युवती को दिल्ली में 17 साल तक बंधक बनाकर रखने, घरेलू मजदूरी कराने और बार-बार यौन शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2009 में जेटा मुंडा नामक व्यक्ति उसे नौकरी दिलाने के बहाने दिल्ली ले गया था। उस समय उसकी उम्र करीब 14 वर्ष थी। दिल्ली पहुंचने के बाद उसे कोहाट एन्क्लेव इलाके में रहने वाली मधु अग्रवाल के घर घरेलू काम के लिए रख दिया गया। युवती का आरोप है कि उसे वर्षों तक परिवार से संपर्क नहीं करने दिया गया। यहां तक कि उसके पिता की मौत की जानकारी भी उससे छिपाई गई। उसने बताया कि उसे लगातार घर में काम कराया जाता था और बाहर निकलने की भी स्वतंत्रता नहीं थी।

दुष्कर्म और जबरन गर्भपात का आरोप

दिल्ली पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घर में काम करने वाले एक व्यक्ति ने उसे डरा-धमकाकर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के गर्भवती होने पर मकान मालिक की बहू और बेटी द्वारा उसका गर्भपात करवाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में छत पर नहाने के दौरान एक अन्य युवक ने भी उसके साथ गलत हरकत की। कथित तौर पर यह घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

यह भी पढ़ें: चाईबासा में दर्दनाक सड़क हादसा: बारात से लौट रही गाड़ी पलटी, बच्चे समेत दो की मौत

भाई को पैसे देकर वापस भेजने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2025 में उसका भाई उसे लेने दिल्ली पहुंचा था, लेकिन उसे 10 हजार रुपये देकर वापस भेज दिया गया। बाद में 9 अप्रैल 2026 को परिजन दोबारा पहुंचे तो कथित तौर पर 17 साल की मजदूरी के बदले केवल 1.40 लाख रुपये का डीडी और 15 हजार रुपये नकद देकर मामला खत्म करने का दबाव बनाया गया।

दिल्ली और खूंटी पुलिस कर रही जांच

मामले में दिल्ली के सुभाष प्लेस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत की जानकारी मिलने के बाद खूंटी पुलिस भी सक्रिय हो गई है। महिला थाना सह एएचटीयू थाना प्रभारी फुलमनी टोप्पो ने बताया कि दिल्ली में दर्ज शिकायत के आधार पर खूंटी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें