गुमला में सीमांकन के दौरान बवाल, राजस्व कर्मचारी पर हमला; चप्पलों से पिटाई

Rupa Kumari | April 30, 2026 | 03:55 PM IST
  • ग्रामीणों के विरोध ने लिया हिंसक रूप, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; पुलिस जांच में जुटी

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित खेड़ा गांव में जमीन सीमांकन के दौरान बड़ा बवाल हो गया। अंचल प्रशासन की टीम और पुलिस बल पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें एक राजस्व कर्मचारी घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, अंचलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिंह अपनी टीम और पुलिस बल के साथ सीमांकन कार्य के लिए गांव पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला ने उन पर चप्पलों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और टीम को जान बचाकर भागना पड़ा।

दौड़ा-दौड़ाकर की गई मारपीट

बताया जा रहा है कि शिव प्रसाद साहू के आवेदन पर जमीन सीमांकन किया जा रहा था। जैसे ही प्रक्रिया शुरू हुई, कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताना शुरू कर दिया, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने राजस्व कर्मचारी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में झारखंड की इंजीनियर की संदिग्ध मौत, डिप्रेशन में थी पूजा दत्ता

पुलिस ने संभाली स्थिति, काम रुका

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को किसी तरह काबू में किया। हालांकि, बढ़ते विवाद के कारण सीमांकन कार्य अधूरा छोड़ना पड़ा और टीम को वापस लौटना पड़ा। इस मामले में घायल कर्मचारी सुजीत कुमार सिंह ने चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद अंचल कर्मियों में आक्रोश और भय का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि दूरदराज क्षेत्रों में सीमांकन जैसे कार्यों के दौरान उनकी सुरक्षा पर्याप्त नहीं होती, जिससे ऐसे हमलों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।

Share this news

संबंधित खबरें