जामताड़ा में ऑटो-टोटो की टक्कर, तीन स्कूली बच्चों समेत 7 लोग घायल

Rupa Kumari | April 27, 2026 | 02:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा जिले के चित्तरंजन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसा हो गया। अमलादही बाजार (स्ट्रीट नंबर 31) स्थित तीन नंबर गेट क्रॉसिंग के पास अनियंत्रित ऑटो और टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो पर सवार चित्तरंजन हाई स्कूल के तीन छात्र, उनके अभिभावक और अन्य यात्रियों समेत कुल सात लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्कूल जा रहे थे बच्चे, तभी हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब बच्चे स्कूल के लिए जा रहे थे। तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन के कारण दोनों गाड़ियों में भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से सभी घायलों को कस्तूरबा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

यह भी पढ़ें: JPSC पर फिर विवाद: बाबूलाल मरांडी ने चेयरमैन को हटाने की मांग उठाई

सभी घायल खतरे से बाहर

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घायलों में अनुभूति विश्वकर्मा, अयल खान, समर खान और मुनमुन पात्रा समेत अन्य लोग शामिल हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने अमलादही बाजार जैसे व्यस्त इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि स्कूल समय में ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

Share this news

संबंधित खबरें