Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बड़ी पहल की जा रही है। यहां गढ़वा जिले की पहली विशेष महिला ओपीडी शुरू की जाएगी। इस सुविधा के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को अब इलाज के लिए झिझक का सामना नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। सीएचसी प्रभारी डॉ. असजद अंसारी ने बताया कि महिला ओपीडी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को समय पर जांच, परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना है।
महिला डॉक्टर और स्टाफ रहेंगे तैनात
इस ओपीडी में महिला चिकित्सक और महिला स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इससे महिलाएं बिना संकोच अपनी स्वास्थ्य समस्याएं साझा कर सकेंगी। विशेष रूप से स्त्री रोग और मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।
यह भी पढ़ें: ‘प्रपोजल’ के बहाने बुलाया, हाथ-पैर बांधकर प्रेमी को जिंदा जलाया; बेंगलुरु में सनसनीखेज हत्या
ग्रामीण महिलाओं की झिझक होगी दूर
डॉ. अंसारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अक्सर पुरुष डॉक्टरों के सामने अपनी निजी स्वास्थ्य समस्याएं बताने में असहज महसूस करती हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अलग महिला ओपीडी शुरू करने का फैसला लिया गया है।
हजारों महिलाओं को मिलेगा लाभ
रंका सीएचसी जिले का पहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होगा जहां अलग से महिला ओपीडी की सुविधा मिलेगी। इससे रंका और आसपास के गांवों की हजारों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें इलाज के लिए जिला मुख्यालय या निजी क्लीनिकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।