Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाशदीप अचानक झारखंड के गढ़वा जिले में एक निजी समारोह में पहुंच गए। भैसबड़वा स्थित सोनू सिंह के यहां आयोजित तिलक समारोह में उनकी मौजूदगी से लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि आकाशदीप की चचेरी बहन की शादी गढ़वा में तय हुई है, इसी सिलसिले में वह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। करीब चार घंटे तक समारोह में मौजूद रहने के दौरान शुरुआत में बहुत कम लोग उन्हें पहचान पाए। हालांकि स्थानीय क्रिकेटरों को जानकारी मिलते ही वहां भीड़ जुटने लगी और देखते ही देखते सेल्फी लेने वालों की लाइन लग गई। हर कोई उनके साथ तस्वीर खिंचवाने को उत्सुक दिखा।
भीड़ बढ़ने पर पुलिस सुरक्षा में निकले
भीड़ बढ़ने के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बनने लगी तो आकाशदीप बिहार पुलिस के चार जवानों के साथ वहां से रवाना हो गए। मौजूद लोगों के अनुसार, उन्होंने जाने से पहले कई प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बेहद सरल और जमीन से जुड़ा खिलाड़ी बताया।
यह भी पढ़ें: झारखंड में बोर्ड परीक्षा के लिए PAN और APAAR ID अनिवार्य, 2027 से लागू होगी नई व्यवस्था
चोट के कारण IPL से बाहर
जानकारी के मुताबिक, चोट के कारण आकाशदीप इस समय इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। फिटनेस हासिल करने के बाद उनके आगामी टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के लिए वापसी की उम्मीद है। बिहार के सासाराम के मूल निवासी आकाशदीप घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिए खेलते हैं और आईपीएल में कोलकाता नाइट राईडर्स से जुड़े रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 10 से ज्यादा विकेट लेकर वह चर्चा में आए थे और फिलहाल टीम इंडिया के टेस्ट फॉर्मेट के नियमित गेंदबाजों में गिने जाते हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।