सरायकेला में बेकाबू हाइवा घर में घुसा, बड़ा हादसा टला; मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

Rupa Kumari | April 8, 2026 | 03:20 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां: जिले के बुरुडीह गांव में तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के लोहे के खंभे से टकराते हुए सीधे एक घर में जा घुसा। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। हादसे में घर की दीवार और बाहरी शेड क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि बिजली के पोल से टकराने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

सो रहे थे घर के लोग, बाल-बाल बचे

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय घर के अंदर लोग सो रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाइवा तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और घर का एक हिस्सा बुरी तरह टूट गया। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें: गयाजी में पुलिस टीम पर हमला, ASI का हाथ टूटा, दो आरोपी गिरफ्तार

ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर किया जाम

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क पर उतर आए और आवागमन बाधित कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही खरसावां पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। हाइवा के मालिक ने क्षतिग्रस्त घर की मरम्मत और नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

ओवरलोड और तेज रफ्तार पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरायकेला-खरसावां सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार से आवाजाही होती है। ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भारी वाहनों की नियमित जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें