- बंद पड़े सीपीपी प्लांट में लोहा काटते समय हुआ रिसाव, जंगल से मिला युवक का शव
Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित कैप्टिव पावर प्लांट (CPP) में क्लोरीन गैस रिसाव की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सोमवार को 35 वर्षीय वसीम अंसारी का शव परिसर के पूर्वी छोर स्थित जंगल से बरामद किया गया। वह केंदुआडीह राजपूत बस्ती का रहने वाला था।
लोहा काटने के दौरान हुआ गैस रिसाव
जानकारी के मुताबिक करीब 15 युवक बंद पड़े प्लांट में लोहा चोरी करने घुसे थे। इसी दौरान क्लोरीन गैस से भरी लोहे की टंकी को गैस कटर से काटने की कोशिश की गई। टंकी कटते ही जहरीली गैस तेजी से फैल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बेहोश हो गए।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में झाड़-फूंक पर सख्ती, ओझा-भगताईन को 7 दिन का अल्टीमेटम
भागे कुछ, कई की हालत बिगड़ी
गैस रिसाव के बाद कुछ युवक मौके से भाग निकले, जबकि अन्य की हालत गंभीर हो गई। बाद में अलग-अलग स्थानों से शव बरामद किए गए। अब तक इस घटना में चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
कई साल से बंद पड़ा है प्लांट
बताया जा रहा है कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड का यह कैप्टिव पावर प्लांट लंबे समय से बंद पड़ा है। फिलहाल परिसर में एक निजी कंपनी का कार्यालय संचालित हो रहा है, जो ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन के साथ मिलकर मिथेन गैस की टेस्टिंग का काम कर रही है।
टूटी चहारदीवारी से अंदर घुसे युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार प्लांट की चहारदीवारी कई जगह से टूटी हुई है, जिससे असामाजिक तत्व आसानी से अंदर प्रवेश कर जाते हैं। इसी रास्ते से युवक परिसर में पहुंचे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गैस रिसाव के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।