पटना में बेखौफ अपराधी: अपार्टमेंट में घुसकर व्यवसायी को मारी गोली

Rupa Kumari | April 1, 2026 | 11:25 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पटना : पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक व्यवसायी को गोली मार दी। घायल कारोबारी की पहचान दिलीप कुमार सिंह के रूप में हुई है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। दिलीप कुमार सिंह बोरिंग रोड स्थित अपने ऑफिस से घर लौटे थे। जैसे ही वे शिवपुरी स्थित जीएस इंकलेव अपार्टमेंट में कार पार्क कर लिफ्ट की ओर बढ़े, पीछे से आए दो अपराधियों ने उन्हें आवाज देकर रोका। जैसे ही वे मुड़े, अपराधियों ने उनके पेट में गोली मार दी। घायल होने के बावजूद वे लिफ्ट की ओर भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर वहां भी उनके साथ हाथापाई की और कुल तीन राउंड फायरिंग की।

बाइक से फरार हुए हमलावर

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दिलीप कुमार को तुरंत पाटलिपुत्र गोलंबर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें: चाईबासा में हाथियों का आतंक: सो रही पुजारी को उठाकर पटक दिया, 3 महीने में 25 मौतें

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं। सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

जनप्रतिनिधि भी पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलने पर श्याम रजक भी अस्पताल पहुंचे और घायल व्यवसायी का हालचाल जाना। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अपार्टमेंट जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान में इस तरह की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें