Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: धनबाद नगर निगम (डीएमसी) की पहली बोर्ड बैठक सोमवार को बाबूडीह स्थित विवाह भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर संजीव सिंह ने की। इस दौरान शहर के विकास, राजस्व बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम ने राजस्व वसूली का लक्ष्य बढ़ाकर 138.24 करोड़ रुपये कर दिया है। यह पिछले वर्ष के 130.58 करोड़ रुपये के मुकाबले 8.24 करोड़ रुपये अधिक है।
यह भी पढ़ें: गुमला में क्राइम कंट्रोल पर सख्ती: SP की थानेदारों को चेतावनी, बोले-शांति से कोई समझौता नहीं
होल्डिंग टैक्स से सबसे ज्यादा उम्मीद
नगर निगम को इस बार सबसे ज्यादा आय होल्डिंग टैक्स से होने की उम्मीद है।
- होल्डिंग टैक्स: 75 करोड़ रुपये
- होर्डिंग (विज्ञापन): 2.65 करोड़ रुपये
- वाटर यूजर चार्ज: 2.2 करोड़ रुपये
- नक्शा पास: 10 लाख रुपये
- पार्कों से आय: 5 लाख रुपये
952.8 करोड़ का बजट प्रस्ताव पेश
बैठक में 952.8 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव रखा गया, जिसमें शहर की बुनियादी जरूरतों पर विशेष फोकस किया गया है।
- सड़क, नाली और पार्क निर्माण: 130 करोड़ रुपये
- जलापूर्ति व्यवस्था सुधार व रखरखाव: 20 करोड़ रुपये
नगर निगम ने साफ किया कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा।
नए टैक्स पर फिलहाल रोक
इस बैठक में किसी भी नए टैक्स को लागू करने का प्रस्ताव नहीं लाया गया। सभी प्रस्तावों को बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार को भेजा जाएगा। नगर निगम की इस पहली बोर्ड बैठक को धनबाद के विकास के लिए अहम माना जा रहा है। बजट और योजनाओं के जरिए शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।