धनबाद: स्मार्ट मीटर विवाद पर विधायक की पहल, कटे 20 हजार कनेक्शन होंगे बहाल

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : शहर में स्मार्ट मीटर के कारण अचानक हजारों घरों की बिजली कटने की घटना के बाद विधायक राज सिन्हा ने हस्तक्षेप किया। उनकी पहल के बाद बिजली विभाग ने करीब 20 हजार कटे हुए कनेक्शन बहाल करने का निर्णय लिया है, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।

अचानक कटे कनेक्शन से उपभोक्ताओं में नाराजगी

बीते बुधवार को धनबाद में करीब 20 हजार बिजली कनेक्शन अचानक काट दिए गए थे। बिना पूर्व सूचना बिजली कटने, बढ़े हुए बिल और रिचार्ज से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी गई। हीरापुर बिजली कार्यालय के बाहर सैकड़ों उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

यह भी पढ़ें: झारखंड में निकाय चुनाव खत्म होते ही कार्यपालक पदाधिकारी बेचैन, ट्रांसफर की जुगाड़ शुरू

विधायक की पहल से हुआ समाधान

इस मामले में विधायक राज सिन्हा ने JBVNL के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा से मुलाकात कर उपभोक्ताओं की समस्याओं से अवगत कराया। बैठक के बाद विधायक ने मीडिया को बताया कि बातचीत सकारात्मक रही और अधिकांश कटे हुए कनेक्शन बहाल कर दिए गए हैं। शेष लगभग 6 हजार कनेक्शन भी जल्द जोड़े जाएंगे।

उपभोक्ताओं के लिए नई सुविधाएँ

JBVNL के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अब सभी सबस्टेशनों पर हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी। इसके अलावा, जिन उपभोक्ताओं पर अधिक बकाया है, उन्हें किस्तों में भुगतान की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि गर्मी के मौसम में निरंतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।

संबंधित खबरें