टीएमएच में गार्ड्स और परिजन के बीच मारपीट, वायरल वीडियो ने बढ़ाया विवाद

Rupa Kumari | March 25, 2026 | 10:54 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में मंगलवार को एक मरीज के परिजन और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अस्पताल कैंपस में युवक की सरेआम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

बाइक एंट्री को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, मानगो के आजादनगर निवासी मो. सलीफुल अपने पिता को अस्पताल से छुट्टी दिलाकर घर ले जाने के लिए बाइक से पहुंचे थे। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाइक अंदर ले जाने से रोका और हेलमेट पहनने के साथ वाहन बाहर खड़ा करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें: सैटेलाइट इमेज से खुलासा: झारखंड में फिर सक्रिय हुआ अफीम नेटवर्क, कई जिलों में पकड़ी गई अवैध खेती

देखते ही देखते मारपीट में बदला मामला

बहस बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि अस्पताल में तैनात 5-6 सुरक्षाकर्मियों ने युवक को घेरकर उसकी पिटाई कर दी। वहीं, युवक ने भी बचाव में हेलमेट से हमला किया। यह पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी और मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है, जबकि कई गार्ड्स उसे पीटते दिख रहे हैं। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

धरना और हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे और मुख्य गेट पर धरना देकर सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर बिष्टुपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब एक घंटे तक अस्पताल गेट पर तनाव का माहौल बना रहा।

दोनों पक्षों की शिकायत, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, अस्पताल परिसर में बाइक प्रवेश को लेकर विवाद हुआ था। मामले में दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें